चार धाम यात्रा को लेकर अभिनेता हेमंत पांडे के आरोप
Hemant Pandey ने चार धाम यात्रा के लिए लोगों को शुभकामनाएँ देते हुए हेली टिकट बुकिंग को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा के पीछे घोटाले का एक बड़ा जाल फैलता नजर आ रहा है, जो बेहद डराने वाला और भयावह है।
हेमंत पांडे के अनुसार, उनकी एक वरिष्ठ कलाकार ने 15 अप्रैल को सुबह 6 बजे हेली सेवा की बुकिंग के लिए तैयारी कर ली थी, लेकिन 6 बजकर 1 मिनट में ही सभी टिकट फुल दिखने लगे। उन्होंने सवाल उठाया कि ये टिकट किसने खरीदे, किसने बेचे और इसमें कौन कमीशनखोरी कर रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि उन्हें नेताओं से इस मामले में कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन सरकारी अधिकारियों और सचिव स्तर के ईमानदार लोगों से उम्मीद है कि वे बिना किसी आदेश के भी इसकी जांच कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति राज्य के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी गलत संदेश दे रही है।
हेमंत पांडे ने आगे कहा कि आम लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं और हेली सेवा पूरी तरह सरकारी तंत्र के हाथ में है, जिसमें आम जनता कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि तंत्र अंदर से इतना जकड़ा हुआ है कि लोग चाहकर भी किसी की मदद नहीं कर पा रहे हैं और यह सोचने वाली बात है कि आखिर यह सब क्यों हो रहा है।

